सांसद की फेसबुक पर बहस हुई, विरोधी को लड़ने के लिए बुलाया; अपनी जगह बॉक्सर भेजा
मॉस्को. रूस में एक अजीब वाकया हुआ। एक सांसद आंद्रे गोरीस्लाव्तसेव की फेसबुक पर एक पीआर एक्सपर्ट यारोस्लाव शिरशोकोव से बहस हो गई। गहमा-गहमी ज्यादा हुई तो आंद्रे ने यारोस्लाव को दो-दो हाथ आजमाने के लिए कह दिया। आंद्रे दो कदम आगे निकले। उन्होंने यारोस्लाव के पास लड़ने के लिए एक ओलिंपिक चैंपियन बॉक्सर को भेज दिया।
यारोस्लाव ने फेसबुक पर आंद्रे से येकातेरिनबर्ग के एक चर्च को लेकर सवाल पूछा। यारोस्लाव ने कहा कि बेघर लोग जो चर्च के आसपास भीख मांगते रहते हैं, क्या उनका संबंध चर्च से है? आंद्रे यूराल रीजनल पार्लियामेंट के डिप्टी हैं।
पीआर एक्सपर्ट के सवाल पर आंद्रे भड़क गए। दोनों ने एक-दूसरे पर व्यक्तिगत छींटाकशी भी की। बात जब ज्यादा बढ़ गई तो आंद्रे ने यारोस्लाव को साथ में लड़ने की चुनौती दे डाली।
आंद्रे और यारोस्लाव ने मामला सुलझाने के लिए एक स्थानीय थिएटर का चुनाव किया। यारोस्लाव जैसे ही पहुंचे और उन्होंने मुड़कर देखा तो उनके पीछे ओलिंपिक में स्वर्ण पदक विजेता बॉक्सर इगोर मेखोंतसेव खड़े थे। आंद्रे ने बॉक्सर को अपनी जगह भेजा था।
यह भी बताया गया कि आंद्रे को आखिरी वक्त में कोई जरूरी काम आ गया था। इसके चलते उन्होंने अपनी जगह बॉक्सर इगोर को भेज दिया। आंद्रे को न देखकर यारोस्लाव थोड़े दुखी हुए। उन्होंने इगोर के साथ पानी की पिस्तौलों से लड़ने को कहा। हालांकि बाद में मामला सुलझा लिया गया।
स्थानीय मीडिया आंद्रे की जमकर आलोचना कर रहा है। आंद्रे युद्ध लड़ चुके हैं और कभी एमेच्योर बॉक्सर भी थे। मीडिया ने कहा कि आंद्र की इतनी भी हिम्मत नहीं हुई कि वह यारोस्लाव को अपना चेहरा दिखा सकें।
यारोस्लाव अपने कई कामों के लिए मशहूर हैं। एक बार वह सांसद नतालिया पोकलोंसकाया के लिए गाना गाने मॉस्को पहुंच गए थे। उन्होंने रूसी संसद के सामने 200 साल पहले के रूसी सैनिकों की तरह ड्रेस पहनकर गाना गाया भी था। इसके बाद पोकलोंसकाया दुनियाभर खासकर जापान में काफी मशहूर हो गई थीं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Source: bhaskar international story