Uncategorized

विकीलीक्स के संस्थापक जूलियन असांजे को 50 हफ्तों की जेल, जमानत की शर्तें तोड़ी थीं



लंदन. विकीलीक्स के संस्थापक जूलियन असांजे को ब्रिटेन की अदालत ने 50 हफ्तों की जेल की सजा सुनाई है। उन पर सात साल पहले के एक मामले में जमानत की शर्तों को तोड़ने का आरोप है। असांजे पर स्वीडन की एक महिला ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। इसके बाद असांजे ने प्रत्यर्पण से बचने के लिए 2012 में इक्वाडोर के दूतावास में शरण ले ली थी। पिछले महीने इक्वाडोर सरकार ने असांजे को शरण देने का फैसला वापस ले लिया और उन्हें लंदन की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

कोर्ट में खुद पेश नहीं हुए असांजे
खास बात यह रही कि असांजे खुद कोर्ट में पेश नहीं हुए, लेकिन उनका लिखा एक पत्र ज्यूरी के सामने पढ़ा गया। इसमें असांजे ने लिखा कि वह बेहद कठिन हालात से जूझ रहे हैं और उन सभी लोगों से माफी मांगते हैं, जिन्हें लगता है कि मैंने उनका असम्मान किया। असांजे ने लिखा कि मैंने ज्यादातर वही किया जो ठीक था, या आखिरी विकल्प था।

7 साल तक इक्वाडोर के दूतावास में रहे असांजे

इक्वाडोर के साथ असांजे के संंबंध तब तल्ख हो गए, जब उन पर राष्ट्रपति मोरेनो से जुड़ी निजी जानकारियां लीक करने का आरोप लगा। मोरेनो ने भी असांजे पर शरण देने के समझौते की शर्तें तोड़ने का आरोप लगाया। हालांकि, उन्होंने ब्रिटेन से अपील की थी कि असांजे को किसी ऐसे देश में प्रत्यर्पित ना किया जाए जहां उन्हें शारीरिक प्रताड़ना या मौत की सजा दी जाए।

2012 में असांजे के इक्वाडोर दूतावास में शरण लेने के बाद उन पर से रेप के आरोप हटा लिए गए थे। लेकिन, इसके बावजूद असांजे ने दूतावास से बाहर निकलने से मना कर दिया था, क्योंकि उन्हें आशंका थी कि विकीलीक्स में किए गए काम के चलते उन्हें अमेरिका प्रत्यर्पित कर दिया जाएगा।

युद्ध से जुड़े दस्तावेज किए थे सार्वजनिक

मार्च 2018 से असांजे का इंटरनेट कनेक्शन भी काट दिया गया था। इसका कारण असांजे के द्वारा किया गया वादा था, जिसमें उन्होंने कहा था कि वह बाकी देशों से रिश्तों को लेकर कोई मैसेज नहीं करेंगे, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। असांजे ने विकीलीक्स की वेबसाइट पर इराक युद्ध से जुड़े चार लाख दस्तावेज सार्वजनिक किए थे। इसके जरिए उन्होंने अमेरिका, इंग्लैंड और नाटों की सेनाओं पर युद्ध अपराध का आरोप लगाया था। असांजे पर यह भी आरोप है कि अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के दौरान रूसी खुफिया एजेंसियाें ने हिलेरी क्लिंटन के कैम्पेन से जुड़े ईमेल हैक कर उन्हें विकीलीक्स को दे दिया था।

Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


विकीलीक्स के संस्थापक जूलियन असांजे।

Source: bhaskar international story

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *