हमलावर ने ऑफिस में सहकर्मियों पर गोलियां चलाईं, 5 की मौत
वॉशिंगटन. अमेरिका में इलिनोइस के एक औद्योगिक क्षेत्र में एक हमलावर ने अपने ऑफिस में सहकर्मियों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस घटना में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 पुलिसकर्मी जख्मी हुए हैं। यह हमला शुक्रवार को शिकागो से लगभग 65 किलोमीटर दूर औरोरा में पानी के बड़े पाइपों के लिए वाल्व बनाने वाली एक फैक्ट्री हैनरी प्रैट कंपनी में हुई।
पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक, हमलावर का नाम गैरी मार्टिन (45) बताया गया। जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया है। मृतक गैरी इसी कंपनी में काम करता था। औरोरा में एक निर्वाचित अधिकारी बिल डोनेल ने बताया कि गोलीबारी में कई नागरिक घायल हो गए हैं।
यह हमला फ्लोरिडा के पार्कलैंड में एक स्कूल में हुई गोलीबारी की बरसी के अगले दिन हुआ। फ्लोरिडा में हुई गोलीबारी में 17 लोगों की मौत हो गई थी। व्हाइट हाउस की प्रवक्ता सारा सैंडर्स के अनुसार, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को घटना की जानकारी दे दी गई है।
फ्लोरिडा के एक स्कूल में भी हुई थी ऐसी घटना
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि गोलीबारी शुरू होने पर वे एक अलमारी के पीछे छिप गए। उन्होंने लेजर साइट से लैस और हैंड गन पकड़े एक आदमी को देखा। उसने हमलावर की पहचान एक सहकर्मी के रूप में की है, लेकिन अभी अधिकारियों ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Source: bhaskar international story