समुद्र से मिला क्रैश हुए विमान का एक ब्लैक बॉक्स, दुर्घटना से 35 मिनट पहले का वीडियो सामने आया
जकार्ता. इंडोनेशियाई अफसरों ने गुरुवार को बताया कि समुद्र से लॉयन एयर फ्लाइट का एक ब्लैक बॉक्स (फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर-एफडीआर) मिल गया है। इससे विमान के दुर्घटना के कारणों का पता चल सकेगा। अफसरों का कहना है कि अभी तक दूसरे एफडीआर या कॉकपिट वॉइस रिकॉर्डर (सीवीआर) की जानकारी नहीं मिली है। इस बीच विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के 35 मिनट पहले का वीडियो सामने आया है। इसे विमान के ही एक यात्री ने रिकॉर्ड किया था।29 अक्टूबर को इंडोनेशिया में लॉयन एयर फ्लाइट जेटी-610 जावा के समुद्र में क्रैश हो गया था। विमान में सवार सभी 189 लोग मारे गए।
Video Paul itu dikirimkan ke sang Istri, Inchy Ayorbaba. https://t.co/CcIbv6opIt
— kumparan (@kumparan) October 31, 2018
इंडोनेशिया के नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी कमेटी के प्रमुख सेरजांतो जाहजोनो ने बताया- “समुद्र से हमें एक ब्लैक बॉक्स मिला है। इससे जांच में मदद मिलेगी।” ब्लैक बॉक्स में उड़ान के वक्त विमान की स्पीड, ऊंचाई और दिशा की जानकारी होती है। साथ ही इसमें क्रू की बातचीत की रिकॉर्ड होती है।
दो गोताखोरों ने गुरुवार को समुद्र से ऑरेंज कलर का ब्लैक बॉक्स निकाला। अफसरों को बुधवार को जावा समुद्र में ब्लैक बॉक्स होने के सिग्नल मिले थे। लेकिन समुद्र में तेज लहरें होने के चलते ब्लैक बॉक्स को तुरंत नहीं निकाला जा सका।
Indonesian TV shows divers bringing crashed jet’s black box to boat#indonesiaplanecrash pic.twitter.com/eGBFmVwsh6
— Press TV (@PressTV) November 1, 2018
इंडोनेशिया की सर्च एंड रेस्क्यू एजेंसी बसारनास ने भी ब्लैक बॉक्स मिलने की पुष्टि की है। इससे पहले मंगलवार को 49 बैगों में इंसानी अवशेष इकट्ठे किए गए थे। अभी तक किसी भी मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
इंडोनेशिया के जकार्ता से पांकल पिनांग शहर जा रहा लॉयन एयर का एक यात्री विमान सोमवार सुबह उड़ान भरने के 13 मिनट बाद समुद्र में क्रैश हो गया था। इनमें तीन बच्चों समेत 181 यात्री, 2 पायलट और छह अन्य क्रू मेंबर शामिल थे।
विमान संपर्क टूटने वाली जगह से करीब दो नॉटिकल मील (3.7 किलोमीटर) दूर कारावांग की खाड़ी में क्रैश हुआ। इस हवाई जहाज में इंडोनेशिया के वित्त मंत्रालय के 20 अधिकारी भी सवार थे। लॉयन एयर का बोइंग-737 मैक्स कुछ महीने पहले ही सेवा में आया था।
फ्लाइट को भारतीय पायलट कैप्टन भव्य सुनेजा उड़ा रहे थे। उड़ान भरने के बाद उन्होंने लौटने की अनुमति मांगी। हालांकि, इसके तुरंत बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) का फ्लाइट से संपर्क टूट गया।
विमान दुर्घटना का अंतिम वीडियो एक यात्री पॉल फर्डीनेंड अयोरबाबा ने बनाया था। यह वीडियो उन्होंने अपनी पत्नी को इसलिए भेजा था ताकि वह उन्हें निश्चिंत कर सकें। पॉल के बिजनेस के सिलसिले में इंडोनेशिया में कई जगह जाना पड़ता था।
पॉल की पत्नी इंची अयोरबाबा ने इंडोनेशियन टीवी को बताया- यह (वीडियो) मेरा पॉल से अंतिम संपर्क था। वीडियो की शुरुआत में यात्री अपने बोर्डिंग पास दिखा रहे हैं। इसके बाद यात्री कॉरिडोर से प्लेन की तरफ जाते दिख रहे हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Source: bhaskar international story